
सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और कदम उठाया है। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को कालीदास मार्ग स्थित सैनिक कल्याण निदेशालय में राज्य स्तरीय सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण किया। इस कार्य पर 142.89 लाख रुपये की लागत आई है।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड वीरभूमि है और देश के करीब 17.5 प्रतिशत सैनिक प्रदेश से आते हैं। राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण एवं सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार से यहां ठहरने वाले सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने शहीदों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि के साथ ही वीरता पुरस्कारों से सम्मानित सैनिकों की सम्मान राशि में भी वृद्धि की है। सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के हितों को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सैनिकों के हित में उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि वन रैंक वन पेंशन योजना, नेशनल वॉर मेमोरियल का निर्माण और सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना महत्वपूर्ण पहल हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सैनिकों और उनके परिवारों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
गणेश जोशी, सैनिक कल्याण मंत्री
Reported By: Arun sharma













Discussion about this post