सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद मुख्यालय टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में टिहरी के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान अतिथियों का पुष्पगुच्छ और पौध भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने सेवा वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएगा।
ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं
कार्यक्रम के दौरान आमजन और ग्रामीणों ने प्रभारी मंत्री के समक्ष विभिन्न समस्याएं रखीं। इनमें सड़क निर्माण, आवास योजना के तहत पात्र लोगों को चिन्हित किए जाने, सफाई निरीक्षक भर्ती परीक्षा की प्रतीक्षा सूची जारी करने और भूस्खलन से हुई क्षति समेत अन्य समस्याएं शामिल रहीं।
प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
विधायक किशोर उपाध्याय ने सेवा संकल्प अभियान को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि सरकार योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान के लिए उनके द्वार तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर उत्तराखंड को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में लगातार काम किया जा रहा है।
पीएम मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ा : गणेश जोशी
प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लखपति दीदी और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से महिलाओं और किसानों को लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है और स्वदेशी उपकरणों का निर्माण एवं निर्यात किया जा रहा है।
प्रभारी मंत्री ने उत्तराखंड को वीरों की भूमि बताते हुए कहा कि प्रदेश के सैनिक देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहीद सैनिकों और उनके परिजनों के हित में अनुदान राशि, सरकारी नौकरी तथा सैन्य पुरस्कारों के तहत प्रोत्साहन राशि में वृद्धि जैसे निर्णय लिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और नकल विरोधी कानून जैसी महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। उन्होंने टिहरी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि जनपद देश और प्रदेश को बिजली और पानी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
स्टॉलों का निरीक्षण, रक्तदान के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री और अन्य अतिथियों ने स्टेडियम परिसर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान लोगों को नशा मुक्त भारत की शपथ भी दिलाई गई। प्रभारी मंत्री ने रक्तदान शिविर का शुभारंभ करते हुए लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
विभिन्न नगर निकायों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पर्यावरण मित्रों को प्रमाण-पत्र, फर्स्ट एड किट और स्वास्थ्य किट देकर सम्मानित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से प्रियंका, नफीसा, शिवानी और शशि को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को भी सम्मानित किया गया।
डिजिटल युवा महोत्सव के विजेता सम्मानित
युवा कल्याण विभाग की ओर से डिजिटल युवा महोत्सव-2026 के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इनमें ‘मेरा जनपद मेरी पहचान’, ‘सूर्य नमस्कार चैलेंज’, ‘पुशअप चैलेंज’, ‘माई उत्तराखंड माई प्राइड’, ‘स्किपिंग चैलेंज’, ‘यूथ फोटोग्राफी चैलेंज’, ‘फिटनेस फिनाले चैलेंज’ और ‘वन मिनट वन स्किल चैलेंज’ शामिल रहे। यह महोत्सव 28 अगस्त से शुरू होकर चार सप्ताह तक चला। सूचना विभाग की सांस्कृतिक टीम ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।
एक ही स्थान पर मिलीं कई सरकारी सेवाएं
विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर आमजन को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पंजीकरण और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। स्वास्थ्य विभाग ने निःशुल्क ओपीडी, स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण, आयुष्मान कार्ड पंजीकरण और रक्तदान की व्यवस्था की।
समाज कल्याण विभाग ने पेंशन आवेदन, दिव्यांग प्रमाण-पत्र और सहायक उपकरण वितरण की सुविधा दी। राजस्व विभाग की ओर से विभिन्न प्रमाण-पत्र, आधार, आयुष्मान कार्ड और यूसीसी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
कृषि एवं उद्यान विभाग ने किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं में पंजीकरण के साथ बीज, कृषि उपकरण और सहायक सामग्री वितरित की। ग्राम्य विकास विभाग ने योजनाओं का पंजीकरण, श्रम विभाग ने श्रमिक पंजीकरण, बाल विकास विभाग ने किट वितरण तथा पशुपालन विभाग ने पशु चिकित्सा एवं औषधि वितरण की सेवाएं दीं। आयुर्वेदिक, यूनानी और होम्योपैथिक विभागों ने स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। खाद्य सुरक्षा तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने भी लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post