मसूरी। रेहड़ी-पटरी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले करीब 80 गरीब परिवार पिछले 163 दिनों से शहीद स्मारक, मसूरी में धरने पर बैठे हैं। श्रमिकों की मांग है कि उन्हें अपना छोटा व्यवसाय संचालित करने के लिए उचित स्थान दिया जाए, ताकि वे सम्मानपूर्वक अपने परिवार का पालन-पोषण कर सकें।
धरनारत श्रमिकों का कहना है कि नगर पालिका मसूरी की ओर से माल रोड से हटाए जाने के बाद उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। श्रमिकों के मुताबिक, उन्होंने कई बार नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी और क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग की, लेकिन उन्हें अब तक कोई सकारात्मक आश्वासन नहीं मिला। श्रमिकों ने यह भी आरोप लगाया कि कई मौकों पर उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार नहीं किया गया।
भूख हड़ताल के निर्णय के बीच कांग्रेस नेताओं ने की मुलाकात
लगातार 163 दिनों से मांग पूरी नहीं होने के बाद श्रमिकों ने भूख हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष सुजाता पॉल और कांग्रेस प्रवक्ता एवं अधिवक्ता पंकज सिंह क्षेत्री शहीद स्मारक पहुंचे और धरनारत श्रमिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
कांग्रेस नेताओं ने श्रमिकों के आंदोलन को समर्थन देते हुए उनसे भूख हड़ताल का निर्णय टालने की अपील की। उन्होंने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आंदोलन के रास्ते पर आगे बढ़ने का आग्रह किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसी व्यक्ति से उसकी रोजी-रोटी का साधन छिनने से उसके परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है। प्रशासन और नगर पालिका को शहर की व्यवस्था बनाए रखने के साथ गरीब श्रमिकों की आजीविका के बीच संतुलन बनाते हुए व्यवहारिक और मानवीय समाधान निकालना चाहिए।
वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग
सुजाता पॉल और पंकज सिंह क्षेत्री ने कहा कि करीब 80 परिवारों की आजीविका का सवाल केवल प्रशासनिक कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानवीय संवेदना और रोजगार से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने प्रशासन और नगर पालिका से श्रमिक प्रतिनिधियों के साथ तत्काल बैठक कर समस्या का समाधान निकालने तथा ऐसी वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की, जहां श्रमिक सम्मानपूर्वक अपना व्यवसाय कर सकें।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गरीब रेहड़ी-पटरी श्रमिकों की आवाज को लोकतांत्रिक और गांधीवादी तरीके से मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय न हो, इसके लिए हर संभव संवैधानिक प्रयास किया जाएगा।
सुजाता पॉल, कांग्रेस नेता
Reported By: Arun Sharma











Discussion about this post