
देवप्रयाग। टिहरी जनपद के देवप्रयाग क्षेत्र में हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना के बाद राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) द्वारा लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए व्यापक सर्च एवं रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। हादसे में एक इनोवा कार गहरी खाई में गिरकर नदी में समा गई थी, जिसमें चालक समेत आठ लोग सवार थे।
जानकारी के अनुसार 2 जून 2026 को इनोवा कार संख्या UK08TA-5433 देवप्रयाग क्षेत्र में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई और नदी में बह गई। वाहन में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें पांच महिलाएं और तीन पुरुष शामिल थे।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। 3 जून को SDRF द्वारा विशेष डीप डाइविंग टीमों की मदद से नदी के भीतर संभावित स्थानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया गया।
अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में SDRF की टीमें अत्यंत विषम परिस्थितियों में अभियान संचालित कर रही हैं। नदी के तेज बहाव, गहराई और चुनौतीपूर्ण भू-भाग के बावजूद डीप डाइवर्स संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन कर रहे हैं।
SDRF अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में तीन लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए नदी और आसपास के सभी संभावित क्षेत्रों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अभियान में डीप डाइविंग, राफ्टिंग तथा आधुनिक खोज एवं बचाव उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है।
SDRF स्थानीय प्रशासन और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का कहना है कि लापता व्यक्तियों की तलाश पूरी होने तक अभियान जारी रहेगा।
इस हादसे ने क्षेत्र में शोक की लहर पैदा कर दी है, जबकि परिजनों की निगाहें बचाव दलों के प्रयासों पर टिकी हुई हैं। SDRF की टीमें कठिन परिस्थितियों में भी पूरी तत्परता के साथ खोज अभियान में जुटी हुई हैं।
Reported By: Praveen Bhardwaj














Discussion about this post