
टिहरी गढ़वाल के थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए 52 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 30 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22 करोड़ रुपये की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही धनोल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग निर्माण की स्वीकृति और भवान बाजार के आबादी वाले क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4 करोड़ 72 लाख रुपये की स्वीकृति की बात कही। वहीं, पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आवासीय क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा के लिए 2 करोड़ 73 लाख रुपये की स्वीकृति भी दी गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जौनपुर महोत्सव उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने, पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के करीब 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार दिया गया है।
कार्यक्रम के दौरान गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत जैसे ग्रंथों का अनुवाद करने वाले साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील किसान कबूल चंद पुंडीर के कृषि क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की।
पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री उत्तराखंड
सुरेंद्र सिंह रावत कार्यक्रम अध्यक्ष जौनपुर महोत्सव समिति
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post