
इंसान और वन्यजीवों के बीच आपसी तालमेल के कई उदाहरण देखने को मिलते हैं, लेकिन डोईवाला के सर्प मित्र भारत भूषण पेले का सांपों को रेस्क्यू करने का अंदाज इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। डोईवाला नगर पालिका के राजीव नगर निवासी भारत भूषण पेले अपनी जान जोखिम में डालकर अब तक कई जहरीले सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर चुके हैं। वह सांपों को आबादी वाले क्षेत्रों से पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ते हैं, जिससे लोगों की जान बचाने के साथ ही वन्यजीवों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो रही है।
हाल ही में उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक खतरनाक नाग उनके इशारों पर धीरे-धीरे आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है। वीडियो में भारत भूषण पेले के संकेत देने पर नाग जंगल की ओर बढ़ता नजर आता है। इस दृश्य को देखकर लोग हैरानी जता रहे हैं। कई लोग इसे इंसान और वन्यजीव के बीच विश्वास और तालमेल का अनूठा उदाहरण बता रहे हैं।
भारत भूषण पेले लंबे समय से क्षेत्र में सर्प मित्र के रूप में सक्रिय हैं। घरों, प्रतिष्ठानों और आबादी वाले इलाकों में सांप दिखाई देने की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचकर उनका रेस्क्यू करते हैं। उनका प्रयास रहता है कि सांपों को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाए।
उनकी इस पहल से जहां क्षेत्र के लोगों को जहरीले सांपों के भय से राहत मिल रही है, वहीं सांपों को भी अनावश्यक रूप से मारे जाने से बचाया जा रहा है। भारत भूषण पेले का कहना है कि सांपों को मारने के बजाय सुरक्षित रेस्क्यू कर उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ना चाहिए।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post