प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान उत्तराखंड में लगातार जारी है। अभियान के तहत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सुविधाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। खासतौर पर दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके क्षेत्र में ही सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूरा जीवन सेवा और समर्पण को समर्पित रहा है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए सेवा संकल्प अभियान को जनता को समर्पित किया गया है। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को जिला मुख्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के कई दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोग दूरी और अन्य कारणों से जिला मुख्यालय तक नहीं पहुंच पाते हैं। ऐसे लोगों तक सरकार खुद पहुंचकर योजनाओं और सुविधाओं का लाभ उपलब्ध करा रही है। शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही सेवाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
दूरदराज के लोगों तक पहुंचेगा सरकार का लाभ
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविरों में विभिन्न सरकारी विभागों की योजनाओं और सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इससे आम लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी आसान होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। सेवा संकल्प अभियान इसी उद्देश्य को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post