
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार” अभियान के तहत विकासखंड पुरोला की न्याय पंचायत गुन्दियाटगांव में उपजिलाधिकारी पुरोला मुकेश चन्द रमोला की अध्यक्षता में भव्य जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अपने द्वार पर प्राप्त किया।
शिविर में राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, महिला एवं बाल कल्याण, खाद्य एवं आपूर्ति, सहकारिता, उद्योग, स्वास्थ्य, आयुष, विद्युत तथा सेवायोजन विभागों द्वारा सैकड़ों लोगों को प्रमाण पत्र, सहायता राशि, कृषि यंत्र, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य सुविधाएं प्रदान की गईं। ग्राम्य विकास विभाग द्वारा ₹5.50 लाख के चेक वितरित कर 197 लोगों को लाभान्वित किया गया, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने 56 लोगों का परीक्षण कर दवाएं उपलब्ध कराईं।
शिविर में कुल 5 लिखित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। उपजिलाधिकारी मुकेश चन्द रमोला ने बताया कि शिविर में 500 से अधिक लोगों ने भाग लेकर लाभ उठाया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के अनुसार यह बहुउद्देशीय अभियान 45 दिनों तक सभी विकासखंडों की न्याय पंचायतों में आयोजित किया जाएगा, ताकि अंतिम छोर तक सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।
Reported By: Gopal Nautiyal













Discussion about this post