
पीआरडी जवानों की विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर सचिवालय में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्त विभाग के अधिकारियों, विभागीय अधिकारियों और पीआरडी जवानों के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान जवानों को होमगार्ड की तर्ज पर महंगाई भत्ता और अन्य सुविधाएं देने के साथ ही सालभर यानी 365 दिन रोजगार उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि पीआरडी जवानों के प्रति विभाग पूरी तरह संवेदनशील है और उनकी भावनाओं का सम्मान किया जाएगा। पीआरडी जवान विभाग की बड़ी ताकत हैं। प्रदेश की शांति व्यवस्था बनाए रखने से लेकर विषम परिस्थितियों में सेवाएं देने और चारधाम यात्रा के सफल संचालन तक में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अब तक पीआरडी जवानों के हित में कई महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। इनमें जवानों के मानदेय में वृद्धि, गर्भवती महिला जवानों के लिए सुविधाएं, सेवानिवृत्ति की आयु का निर्धारण, जवानों के बच्चों की पढ़ाई और मृतक आश्रितों से जुड़े फैसले शामिल हैं।
मांगों के परीक्षण के लिए अधिकारियों को निर्देश
मंत्री ने कहा कि विभाग पीआरडी जवानों की मांगों को लेकर सकारात्मक है और उनके हित में बेहतर निर्णय लेने का प्रयास कर रहा है। जवानों की ओर से उठाई गई मांगों का तकनीकी और विधिक परीक्षण कराया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में पीआरडी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता के अलावा वित्त विभाग के अधिकारियों से भी चर्चा की गई है।
जवानों से धैर्य बनाए रखने की अपील
रेखा आर्या ने पीआरडी जवानों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि विभाग उनकी भावनाओं और मांगों के अनुरूप प्रस्ताव तैयार करेगा। सरकार और विभाग उनके हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जवानों की जायज मांगों के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और उनके हित में बेहतर निर्णय लेने की दिशा में काम किया जाएगा।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post