-हरिद्वार पुलिस ने चार माह की मासूम बच्ची के अपहरण के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया है। करीब दस दिन पहले विष्णु घाट क्षेत्र में पेड़ के नीचे सो रहे परिवार के बीच से बच्ची को चुरा लिया गया था। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने हरिद्वार से लेकर पश्चिम बंगाल के हावड़ा तक सुराग तलाशे और आखिरकार मामले का पर्दाफाश कर दिया।जांच में सामने आया कि एक दंपत्ति ने अपने परिचित के साथ मिलकर बच्ची का अपहरण किया था। आरोपियों को तीन लाख रुपये में लड़का उपलब्ध कराने का लालच दिया गया था, लेकिन उन्होंने गलती से चार माह की बच्ची का अपहरण कर लिया।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और लगातार की गई पड़ताल के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई और बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी भीड़भाड़ वाले घाटों से बच्चों को चोरी कर बेचने की साजिश के तहत हरिद्वार पहुंचे थे। बच्ची के लड़की होने का पता चलने पर आरोपी उसे किसी अन्य व्यक्ति को बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस सफल कार्रवाई के बाद आमजन हरिद्वार पुलिस और एसएसपी नवनीत सिंह की कार्यशैली की सराहना कर रहे हैं।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post