
उत्तराखंड हाईकोर्ट में आईपीएस अधिकारी नीरू गर्ग और अरुण मोहन जोशी को केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन प्रतिनियुक्ति पर डीआईजी पद पर भेजने के आदेश को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई हुई। मामले की सुनवाई कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह की खंडपीठ में हुई। कोर्ट ने सभी पक्षों को सुनने के बाद मामले की अगली सुनवाई के लिए 10 दिन बाद की तिथि निर्धारित की है।
सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि केंद्र भी केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण (CAT) के आदेश के खिलाफ याचिका दायर करने जा रहा है। केंद्र ने अनुरोध किया कि इस मामले में केंद्र और राज्य सरकार की ओर से दायर होने वाली याचिकाओं पर एक साथ सुनवाई की जाए। इस पर अदालत ने सभी पक्षों को सुनने के बाद संबंधित याचिकाओं की संयुक्त सुनवाई के लिए अगली तिथि तय की।
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने केंद्र और राज्य सरकार से यह भी पूछा कि इस रैंक के कितने पद प्रतिनियुक्ति के आधार पर केंद्र में भेजे जाने हैं और कितने पद स्थायी रूप से राज्य सरकार के अधीन हैं। इस पर अदालत को बताया गया कि ऐसे 16 पद हैं, जिन पर अधिकारियों को प्रतिनियुक्ति के आधार पर केंद्र में भेजा जा सकता है, जबकि शेष पद राज्य सरकार के अधीन हैं।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, वर्ष 2005 बैच की आईपीएस अधिकारी नीरू गर्ग को केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में उप महानिरीक्षक (DIG) और वर्ष 2006 बैच के आईपीएस अधिकारी अरुण मोहन जोशी को सीमा सुरक्षा बल (BSF) में डीआईजी पद पर प्रतिनियुक्ति दी गई है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस संबंध में 5 मार्च 2026 को आदेश जारी किए थे। इसके बाद उत्तराखंड सरकार ने 6 मार्च 2026 को दोनों अधिकारियों को कार्यमुक्त करने के आदेश जारी किए। राज्य सरकार के इस फैसले को दोनों अधिकारियों ने चुनौती दी है।
अब हाईकोर्ट में केंद्र और राज्य सरकार की याचिकाओं पर एक साथ सुनवाई होगी। मामले में अगली सुनवाई 10 दिन बाद निर्धारित की गई है।
पंकज चतुर्वेदी अधिवक्ता हाईकोर्ट
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post