
उत्तराखंड के रुद्रपुर से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां पुलिस द्वारा बेटे को पूछताछ के लिए थाने बुलाए जाने से नाराज एक मां मोबाइल टावर पर चढ़ गई। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के चलते इलाके में घंटों अफरातफरी मची रही। हालांकि, पुलिस अधिकारियों की सूझबूझ और लगातार समझाइश के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है।
रुद्रपुर के त्रिशूल चौक के पास रविवार देर शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला अचानक ऊंचे मोबाइल टावर पर जा चढ़ी। टावर पर महिला को देख राहगीरों और स्थानीय लोगों के हाथ-पांव फूल गए और देखते ही देखते मौके पर तमाशबीनों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीओ विभव सैनी ने मोर्चा संभाला। उन्होंने फोन के जरिए महिला से सीधा संपर्क साधा और बेहद धैर्य के साथ उसे लगातार समझाते रहे। इस दौरान टावर के नीचे भारी भीड़ जमा होने से मुख्य सड़क पर लंबा जाम लग गया।
पुलिस ने जब सुरक्षा के लिहाज से लोगों को वहां से हटाने का प्रयास किया, तो मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें धक्का-मुक्की के दौरान कई लोग गिरकर मामूली रूप से चोटिल भी हुए। ट्रैफिक पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारु कराया। हंगामे की खबर पाकर स्थानीय विधायक शिव अरोरा भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। दरअसल, इस पूरे विवाद की वजह महिला का बेटा है, जिस पर एक किशोरी से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है।
इसी शिकायत पर दिनेशपुर पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। बेटे के पीछे-पीछे महिला भी थाने पहुंची थी, लेकिन काफी देर तक बेटे को नहीं छोड़े जाने से वह नाराज हो गई और गुस्से में आकर रुद्रपुर के त्रिशूल चौक स्थित टावर पर चढ़ गई। आखिरकार, सीओ विभव सैनी की सूझबूझ और पुलिस टीम के अथक प्रयासों के बाद महिला नीचे उतरने को राजी हुई। महिला के सकुशल नीचे उतरने के बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
वैभव सैनी- सीओ रुद्रपुर
सुशील गाबा
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post