
खबर लक्सर क्षेत्र से है, जहां उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे यूपी के दादूपुर गांव में डबल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार हमलावरों ने घर में घुसकर एक बुजुर्ग और उनके बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, शाम करीब साढ़े छह बजे तीन बाइकों पर सवार होकर आए छह हमलावर सरदार मुख्तार सिंह के घर में घुस गए। आरोप है कि हमलावरों ने 60 वर्षीय मुख्तार सिंह और उनके 30 वर्षीय बेटे सुखविंदर सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। अचानक हुई फायरिंग से पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना सबसे पहले खानपुर थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही खानपुर थाना प्रभारी, एसपी देहात और लक्सर सीओ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि, घटनास्थल उत्तर प्रदेश की सीमा में होने के कारण यूपी के पुरकाजी थाना पुलिस को भी सूचना दी गई।
बताया जा रहा है कि घटनास्थल उत्तराखंड या उत्तर प्रदेश के अधिकार क्षेत्र में होने को लेकर कुछ देर तक दोनों राज्यों की पुलिस के बीच असमंजस की स्थिति बनी रही। बाद में हरिद्वार एसएसपी की ओर से यूपी पुलिस के अधिकारियों से संपर्क किए जाने के बाद पुरकाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू की।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी और मृतक मुख्तार सिंह के पौत्र मनमीत सिंह ने बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले युवक उत्तर प्रदेश के ही एक गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं, शुरुआती जानकारी में घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।
दलजीत काका, ग्रामीण
मनमीत सिंह, मृतक मुख्तार सिंह के पौत्र
अभय सिंह, एसपी देहात रुड़की
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post