
रामनगर। सफाई कर्मचारियों की समस्याओं, कार्य परिस्थितियों और उन्हें मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लेने रामनगर पहुंचीं राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य डॉ. सुषमा गोरियाल वन विभाग के अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर नाराज हो गईं। फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के उपस्थित नहीं होने पर उन्होंने सवाल उठाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि अधिकारियों को पहले से सूचना दी गई थी और इसके बावजूद वे बैठक में नहीं पहुंचे तो इस मामले में भारत सरकार को पत्र लिखकर शिकायत की जाएगी।
भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य प्रोफेसर डॉ. सुषमा गोरियाल रामनगर दौरे पर पहुंची थीं। इस दौरान फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक प्रस्तावित थी। बैठक का उद्देश्य विभाग में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की समस्याओं, उनकी कार्य परिस्थितियों और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी लेना था।
हालांकि, बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की अनुपस्थिति देखकर डॉ. गोरियाल ने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से पूछा कि क्या उनके दौरे और बैठक की सूचना संबंधित अधिकारियों को नहीं दी गई थी? उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि अधिकारियों को सूचना मिलने के बावजूद वे बैठक में शामिल नहीं हुए हैं तो इसे गंभीरता से लिया जाएगा और पूरे मामले से भारत सरकार को अवगत कराया जाएगा।
इसके बाद डॉ. गोरियाल ने सफाई कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और विभागीय व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि वह बरेली कॉलेज, बरेली में प्रोफेसर रह चुकी हैं और वर्तमान में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य के रूप में जिम्मेदारी निभा रही हैं। इसी क्रम में वह विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सफाई कर्मचारियों की समस्याएं सुनने और उन्हें मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा कर रही हैं।
डॉ. गोरियाल ने कहा कि रामनगर में निरीक्षण के दौरान उन्हें कोई बड़ी खामी सामने नहीं आई है, हालांकि कुछ छोटी-मोटी समस्याएं जरूर मिली हैं। इन्हें दूर करने के लिए संबंधित विभागों से बातचीत की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सफाई कर्मचारियों के अधिकारों, सुरक्षा और सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा तथा उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
रामनगर दौरे में सफाई कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा के साथ ही वन विभाग के अधिकारियों की गैरमौजूदगी का मुद्दा भी प्रमुखता से सामने आया। अब देखना होगा कि इस मामले में आयोग की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।
डॉ. सुषमा गोरियाल, सदस्य, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग, भारत सरकार
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post