
हिमालयन अस्पताल, जौलीग्रांट के चिकित्सकों ने डेढ़ साल के बच्चे के मस्तिष्क से 6 सेंटीमीटर क्रेनियोफेरिन्जियोमा (ब्रेन ट्यूमर) सफलतापूर्वक निकालकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। न्यूरोसर्जन डॉ. बृजेश तिवारी के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम ने यह हाई-रिस्क सर्जरी की, जिसे देश में इतनी कम उम्र में ऑपरेट किया गया सबसे बड़ा ट्यूमर बताया जा रहा है। बच्चा अब पूर्णत: स्वस्थ है और सामान्य गतिविधियाँ कर पा रहा है।
मामला और सर्जरी
हरिद्वार निवासी अहमद तीन महीने से सिर का आकार बढ़ने और देखने में दिक्कत जैसी समस्याओं से जूझ रहा था। एमआरआई में ट्यूमर की पुष्टि हुई। इसके बाद डॉ. बृजेश तिवारी, डॉ. संजीव पाण्डे, डॉ. अंकित भाटिया और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. वीना अस्थाना की टीम ने ऑपरेशन किया। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष सिमल्टी ने पोस्टऑपरेटिव देखभाल की।
विश्वस्तरीय सुविधा
अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि यह उपलब्धि हिमालयन हॉस्पिटल को ब्रेन ट्यूमर सर्जरी का अत्याधुनिक केंद्र बनाती है। यहां माइक्रोस्कोप, एंडोस्कोप, कूसा सिस्टम, हाई-टेक ऑपरेशन थिएटर व एनेस्थीसिया मशीन जैसी आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध हैं।
आयुष्मान भारत योजना से निःशुल्क उपचार
यह सर्जरी आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पूरी तरह नि:शुल्क की गई। इससे परिजनों पर आर्थिक बोझ नहीं पड़ा। अब उत्तराखंड के मरीजों को ब्रेन ट्यूमर के इलाज के लिए दिल्ली या चंडीगढ़ जाने की जरूरत नहीं है, क्योंकि हिमालयन हॉस्पिटल में ही विश्वस्तरीय उपचार उपलब्ध है।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post