
उत्तराखंड विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत उत्तरकाशी जनपद में 23 अक्टूबर 2026 से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) शुरू होगी। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में यह प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार ईसीआईएल के अधिकृत इंजीनियरों की ओर से संपन्न कराई जाएगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र ने बताया कि जिला मुख्यालय स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट गोदामों में 23 अक्टूबर से जांच प्रक्रिया शुरू होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक एफएलसी का कार्य किया जाएगा। यह प्रक्रिया कार्य समाप्त होने तक जारी रहेगी। रविवार और अन्य सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जांच की जाएगी।
उन्होंने बताया कि लोकसभा और विधानसभा के सामान्य निर्वाचन अथवा उपचुनाव में केवल प्रथम स्तरीय जांच में प्रमाणित ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का ही इस्तेमाल किया जाता है। एफएलसी की विस्तृत प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के मैनुअल ऑन इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन, संस्करण-9 (अगस्त 2026) के अध्याय-2 में निर्धारित है। इसकी जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट eci.gov.in/evm-vvpat पर भी उपलब्ध है।
मुक्ता मिश्र के अनुसार, एफएलसी प्रक्रिया की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी के साथ-साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी और भारत निर्वाचन आयोग के स्तर से भी की जाती है, ताकि जांच निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न हो सके।
राजनीतिक दलों से प्रतिनिधि नामित करने की अपील
एफएलसी प्रक्रिया में पारदर्शिता और राजनीतिक दलों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों, महासचिवों और सचिवों को पत्र भेजकर अपने अधिकृत प्रतिनिधि नामित करने का अनुरोध किया गया है। इस संबंध में 17 अक्टूबर 2026 को पत्र जारी किया गया था। इसके अलावा, 21 अक्टूबर को आयोजित बैठक में भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपने प्रतिनिधियों को अधिकृत कर एफएलसी प्रक्रिया में सहभागिता करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इससे विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को पारदर्शी, व्यवस्थित और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराने में मदद मिलेगी।
Reported By: Gopal Nautiyal












Discussion about this post