
पर्यटन नगरी मसूरी में टैक्सी यूनियन और टैक्सी संचालकों के बीच चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात हुए हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद बुधवार को मामला और गरमा गया। दोनों पक्ष अपने-अपने समर्थकों के साथ बड़ी संख्या में थाने पहुंचे। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और थाने के बाहर ही दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों ओर से लात-घूंसे चलने लगे।
घटना के बाद टैक्सी स्टैंड पक्ष अपनी शिकायत लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचा। उन्होंने प्रशासन से दो दिन के भीतर शिकायत पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं की गई तो पूरे मसूरी शहर में चक्काजाम किया जाएगा।
वहीं, विवाद में शामिल दूसरे पक्ष ने भी अपना पक्ष रखते हुए टैक्सी स्टैंड पक्ष पर उन्हें गलत ठहराने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने बीती रात से शुरू हुए विवाद की घटनाक्रमवार जानकारी रखते हुए अपना पक्ष सामने रखा।
दोनों पक्षों के आमने-सामने आने और थाने के बाहर मारपीट होने से मसूरी में टैक्सी विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। अब सभी की निगाहें प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। देखना होगा कि पुलिस मामले में क्या कदम उठाती है और दोनों पक्षों के बीच बढ़ते तनाव को शांत कराने के लिए क्या प्रयास किए जाते हैं।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post