
बाजपुर की बरहैनी रेंज में हाथी के बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। बरहैनी रेंज के जंगल क्षेत्र में प्लॉट संख्या 12 में जंगल के भीतर एक हाथी का बच्चा घायल अवस्था में गिरा हुआ मिला। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। वन विभाग की एसडीओ मनिंदर कौर के अनुसार, हाथी के बच्चे की हालत बेहद गंभीर थी। उसे तुरंत बरहैनी रेंज की नर्सरी में लाया गया।
जहां प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। इस बीच वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी पश्चिम वृत्त हल्द्वानी के डॉक्टर राहुल सती अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरी रात हाथी के बच्चे का इलाज किया गया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद हाथी के बच्चे ने दम तोड़ दिया। मौत के बाद पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा हाथी के बच्चे का पोस्टमार्टम किया गया।
इसके पश्चात जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदकर वन विभाग की निगरानी में विधिवत रूप से उसका दफन किया गया। फिलहाल हाथी के बच्चे के विसरा को जांच के लिए भेज दिया गया है, ताकि उसकी मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। वन विभाग मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है। वन्यजीव संरक्षण को लेकर यह घटना कई सवाल खड़े करती है। अब पोस्टमार्टम और विसरा जांच रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मनिंदर कौर, एसडीओ वन विभाग
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post