
किच्छा चीनी मिल के पेराई सत्र के शुभारंभ को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने चीनी मिल प्रशासन पर मनमानी और अफसरशाही के आरोप लगाते हुए कार्यक्रम का बहिष्कार किया। विधायक ने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय विधायक होने के बावजूद उन्हें महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की जानकारी तक नहीं दी जा रही है।
दरअसल, चीनी मिल प्रशासन द्वारा जारी आमंत्रण पत्र में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा को मुख्य अतिथि और विधायक तिलक राज बेहड़ को कार्यक्रम की अध्यक्षता करनी थी। लेकिन किसी कारणवश कैबिनेट मंत्री कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके। वहीं विधायक बेहड़ ने भी कार्यक्रम में शामिल होने के बजाय इसका बहिष्कार किया।
मीडिया से बातचीत में विधायक बेहड़ ने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा से पेराई सत्र के शुभारंभ पर पहुंचने का आग्रह किया था, ताकि चीनी मिल कर्मचारियों की समस्याओं को उनके सामने रखा जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी मनमानी कर रहे हैं और क्षेत्रीय विधायक होने के बावजूद उन्हें चीनी मिल के बॉयलर पूजन कार्यक्रम की पूर्व सूचना तक नहीं दी गई।
विधायक ने स्मार्ट मीटर के बढ़े हुए बिल, फसल नुकसान का मुआवजा, धान भुगतान में देरी और पटवारियों की हड़ताल जैसे मुद्दे उठाते हुए प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने सरकार को अपनी असफलताओं की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की चुनौती दी और दावा किया कि जनता कांग्रेस को सत्ता में लाने का मन बना चुकी है।
तिलक राज बेहड़, विधायक किच्छा
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post