पौड़ी गढ़वाल। जिले के नैनीडांडा विकासखंड स्थित बणासी तल्ली गांव में गुलदार के हमले से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। महिला घास काटने के लिए जंगल गई थी, जहां घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया और उसे जंगल के भीतर घसीट ले गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव की दो महिलाएं शांति देवी और सुशीला देवी रविवार को गांव के ऊपरी क्षेत्र में घास काटने गई थीं। इसी दौरान अचानक गुलदार ने सुशीला देवी पर हमला कर दिया। देखते ही देखते गुलदार उन्हें जंगल की ओर घसीटकर ले गया। घटना से दूसरी महिला घबरा गई और गांव पहुंचकर ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद जंगल से सुशीला देवी का शव बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि गुलदार ने महिला के शरीर के कई हिस्सों को भी क्षत-विक्षत कर दिया था।
घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से आदमखोर गुलदार को जल्द पकड़ने तथा क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है और गुलदार की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
Reported By; Anil Bhauguna













Discussion about this post