नैनीताल में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। मेट्रोपोल के समीप एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैराफीट को तोड़ते हुए करीब 10 फीट नीचे जा गिरी। राहत की बात यह रही कि कार नीचे समतल स्थान पर जाकर अटक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और कार चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। चालक की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक मेट्रोपोल से मस्जिद की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक अन्य वाहन को पास देने के प्रयास में कार का संतुलन बिगड़ गया और वह पैराफीट तोड़ते हुए सड़क से नीचे जा गिरी।
बताया गया कि कार में चालक के अलावा उसका पालतू कुत्ता (शिवा) भी मौजूद था। हादसे के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post