ऊधमसिंह नगर के बाजपुर में कथित फर्जी प्रमाण पत्र तैयार किए जाने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन की टीम ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक यूपी क्षेत्र के एक चेयरमैन, एक महिला समेत पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एडीएम पंकज उपाध्याय, एसडीएम ऋचा शर्मा, तहसीलदार समेत राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद हैं। प्रशासनिक टीम पूरे प्रकरण की गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है।
अधिकारियों की ओर से हिरासत में लिए गए संदिग्धों से फर्जी प्रमाण पत्र तैयार कराने, दस्तावेजों की प्रक्रिया और इस पूरे मामले से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। जांच टीम यह भी पता लगाने में जुटी है कि कथित तौर पर प्रमाण पत्र कहां और किस प्रक्रिया के तहत तैयार किए गए।
बड़े नेटवर्क की आशंका
प्रशासन को आशंका है कि फर्जी प्रमाण पत्र तैयार करने का यह मामला किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। इसी को देखते हुए जांच का दायरा बढ़ाया गया है। टीम दस्तावेजों और प्रमाण पत्रों की सत्यता की जांच के साथ ही इनके तैयार होने की प्रक्रिया और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।
प्रशासन की ओर से मामले में एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों की पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किए जाने की संभावना है।
प्रशासन की अचानक हुई कार्रवाई के बाद कथित फर्जी प्रमाण पत्र मामले से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस पूरे प्रकरण में कितने लोग शामिल हैं और कथित फर्जीवाड़े का नेटवर्क कितना बड़ा है।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post