
मालवीय चौक के पास स्थित श्रीराम फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। कार्यालय से उठते घने धुएं को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रुड़की की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
फायर स्टेशन रुड़की से मिली जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर 2026 की रात करीब 10:42 बजे अग्निशमन विभाग को MDT के माध्यम से सूचना मिली कि गंगनहर थाना क्षेत्र के मालवीय चौक के पास स्थित श्रीराम फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मिनी प्रेशर वैन के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर कार्यालय के प्रथम तल पर भीषण आग लगी हुई थी। इसके बाद दमकल कर्मियों ने होजरील के माध्यम से आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाकर पाया काबू
आग की तीव्रता को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने अतिरिक्त फायर टेंडर की मांग की। अतिरिक्त वाहन के पहुंचने के बाद पंपिंग कर होज लाइन बिछाई गई और लगातार पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित किया गया। दमकल कर्मियों ने आग को कार्यालय के अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती।
आग बुझाने के बाद कार्यालय में जले हुए सामान की जांच की गई। अंदर मौजूद सुलगते पदार्थों और छिपी चिंगारियों को पानी डालकर पूरी तरह बुझाया गया। कार्यालय के दूसरे तल पर भी काफी मात्रा में धुआं मिला, हालांकि वहां आग नहीं पहुंची थी। अग्निशमन टीम ने पूरे परिसर का निरीक्षण कर आग दोबारा भड़कने की आशंका को भी समाप्त किया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। अग्निशमन विभाग की तत्परता से आग को कार्यालय के अन्य हिस्सों और आसपास की संपत्तियों तक फैलने से रोक लिया गया।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post