
खेल, एकता और देशभक्ति के जज्बे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रुड़की में 29 नवंबर 2026 को रुड़की हाफ मैराथन-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। बंगाल इंजीनियर्स ग्रुप एंड सेंटर (BEG & Centre) के पवेलियन ग्राउंड में सुबह छह बजे से आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर के धावक हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता के तहत 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन और 10 किलोमीटर की विजय रन आयोजित की जाएगी।
आयोजन को लेकर जारी जानकारी के अनुसार, इस बार प्रतियोगिता में पोडियम फिनिशर्स के लिए कुल पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। आकर्षक पुरस्कार राशि के चलते देशभर के धावकों और खेल प्रेमियों के बीच आयोजन को लेकर उत्साह रहने की उम्मीद है।
21 और 10 किलोमीटर के लिए अलग-अलग रूट
आयोजन के लिए जारी रूट मैप के अनुसार, दोनों दौड़ों की शुरुआत बीईजी के पवेलियन ग्राउंड से होगी। 21 किलोमीटर हाफ मैराथन का टर्निंग पॉइंट पिरान कलियर की ओर निर्धारित किया गया है, जबकि 10 किलोमीटर विजय रन के प्रतिभागियों को एक्वाडक्ट के पास से वापस लौटना होगा। प्रतिभागियों को निर्धारित रूट और आयोजन के दिशा-निर्देशों के अनुसार दौड़ पूरी करनी होगी।
सेना और नागरिकों के बीच मजबूत होगा जुड़ाव
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सेना और आम नागरिकों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करना तथा भारतीय सशस्त्र बलों के साहस, बलिदान और दृढ़ संकल्प के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यह आयोजन वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में भारतीय सेना की वीरता और बलिदान की स्मृति के साथ विजय दिवस की भावना को भी समर्पित है।
गौरतलब है कि बंगाल इंजीनियर्स ग्रुप एंड सेंटर की स्थापना वर्ष 1803 में हुई थी। वर्ष 1853 में इसे रुड़की स्थित वर्तमान परिसर में स्थानांतरित किया गया था। इस संस्थान का रुड़की शहर के ऐतिहासिक और सैन्य महत्व से गहरा जुड़ाव रहा है।
सैनिकों, पूर्व सैनिकों और नागरिकों को आमंत्रण
रुड़की हाफ मैराथन में सेवारत सैनिकों, पूर्व सैनिकों, उनके परिवारों और विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। इस आयोजन के माध्यम से प्रतिभागियों को सेना के जवानों के साथ दौड़ने और उनके अनुशासन, समर्पण एवं जोश को करीब से अनुभव करने का अवसर मिलेगा।
आयोजकों का उद्देश्य इस आयोजन के जरिए युवाओं में खेल भावना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, आपसी भाईचारे और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रोत्साहित करना है। उम्मीद है कि रुड़की हाफ मैराथन-2026 शहर के खेल आयोजनों में एक विशेष पहचान बनाएगी और बड़ी संख्या में धावकों की भागीदारी देखने को मिलेगी।
रिपु दमन सिंह (चीफ एग्जेक्युटिव ऑफिसर कैंटोमेंट बोर्ड रुड़की )
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post