
उत्तराखंड के राज्य कर्मचारियों को दीपावली से पहले तदर्थ बोनस मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अरुण पांडेय ने मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव आरके सुधांशु से मुलाकात कर कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) और दीपावली से पूर्व तदर्थ बोनस दिए जाने की मांग उठाई।
मुलाकात के दौरान अरुण पांडेय ने प्रमुख सचिव को अवगत कराया कि केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत की वृद्धि करते हुए इसे एक जुलाई 2026 से 60 प्रतिशत से बढ़ाकर 63 प्रतिशत करने का निर्णय लिया है। उन्होंने इसी आधार पर उत्तराखंड के राज्य कर्मचारियों को भी 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता अनुमन्य किए जाने की मांग की। इसके साथ ही गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी दीपावली से पहले तदर्थ बोनस जारी करने का अनुरोध किया।
इस पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव आरके सुधांशु ने आश्वस्त किया कि तदर्थ बोनस का शासनादेश एक-दो दिन के भीतर जारी कर दिया जाएगा। वहीं, 63 प्रतिशत महंगाई भत्ते से संबंधित पत्रावली शीघ्र प्रस्तुत कराने के लिए वित्त विभाग को निर्देशित किया गया है।
इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष अरुण पांडेय ने वित्त सचिव दिलीप जावलकर से भी मुलाकात की। इस दौरान राज्य कर्मचारियों के लंबित वाहन भत्ते के प्रकरण पर चर्चा की गई। वित्त सचिव ने आश्वासन दिया कि वाहन भत्ते से संबंधित पत्रावली पर जल्द कार्रवाई करते हुए उसे स्वीकृति के लिए आगे बढ़ाया जाएगा।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने शासन स्तर पर हुई इन मुलाकातों को कर्मचारियों की लंबित मांगों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण बताया है। परिषद को उम्मीद है कि दीपावली से पूर्व बोनस का शासनादेश जारी होने के साथ ही महंगाई भत्ते और वाहन भत्ते से जुड़े मामलों में भी जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post