कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को देहरादून में मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विजय कॉलोनी स्थित बूथ संख्या 90 पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण को सुना।
इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ लोगों को नए कार्य करने और समाजहित में योगदान देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह प्रसारित होने वाले इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री विभिन्न विषयों से जुड़ी रोचक एवं ज्ञानवर्धक जानकारियां साझा करते हैं।
कार्यक्रम के 138वें संस्करण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नशामुक्त समाज, पौष्टिक आहार और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने सहित विभिन्न विषयों पर संदेश दिया। उन्होंने मोरिंगा और मिलेट्स जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थों के स्वास्थ्यवर्धक लाभों का उल्लेख करते हुए लोगों से अपने खान-पान में पौष्टिक एवं पारंपरिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस नीति का भी उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड का विशेष उल्लेख करते हुए बताया कि राज्य में जनगणना की शुरुआत चमोली जिले के माणा गांव से हुई। उन्होंने उत्तरकाशी जिले के बगोरी गांव के एक होम-स्टे संचालक द्वारा डिजिटल माध्यम से जनगणना में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का भी उल्लेख किया। इसे उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों में डिजिटल तकनीक की बढ़ती पहुंच और जागरूकता के उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का भी उल्लेख किया और देश की सांस्कृतिक विरासत एवं गौरव से जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने आगामी त्योहारों के दौरान ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को विशेष महत्व देने का आह्वान किया।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से देशवासियों को विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी उपयोगी और महत्वपूर्ण जानकारी मिलती है। उन्होंने सभी लोगों से इस कार्यक्रम को नियमित रूप से सुनने की अपील की।
Reported By: Arun sharma











Discussion about this post