रायपुर थाना क्षेत्र में 72 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, महिला की हत्या उसके परिचित हेल्पर ने बकाया मजदूरी के पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मृतका का सोने का कंगन और वारदात में इस्तेमाल किया गया कड़ा बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर 2026 को दिनेश बंसल निवासी रायपुर ने 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी थी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं और उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं। सूचना मिलते ही थाना रायपुर से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। महिला को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून स्वयं मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन के साथ फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई। मृतका के पति की तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में मु0अ0सं0 360/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले के खुलासे के लिए एसएसपी देहरादून ने अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस के माध्यम से जानकारी जुटाई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया। जांच के दौरान विनीत कुमार नाम के व्यक्ति की भूमिका सामने आई।
इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी विनीत कुमार को त्रिलोक गेस्ट हाउस, रिंग रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की निशानदेही पर मृतका से लूटा गया सोने का कंगन और आरोपी द्वारा वारदात के दौरान पहना गया कड़ा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1), 309(4) और 117(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।
बकाया मजदूरी को लेकर हुआ था विवाद
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से उत्तरकाशी जिले का रहने वाला है और करीब 10 वर्षों से देहरादून के अजबपुरकलां क्षेत्र में परिवार के साथ किराये पर रह रहा है। वह जोगीवाला रिंग रोड स्थित त्रिलोकेश गेस्ट हाउस में बीजे सिक्योरिटी सर्विसेज कंपनी के माध्यम से करीब दो वर्षों से रात्रि सुरक्षा गार्ड के रूप में काम कर रहा था।
आरोपी के अनुसार, वह डिस्पेंसरी रोड स्थित ‘अनुज प्रकाशन’ नामक बुक शॉप में भी हेल्पर का काम करता था और दिनेश बंसल को करीब 15 वर्षों से जानता था। पिछले कुछ समय से उसकी मजदूरी की रकम बकाया थी। कई बार पैसे मांगने के बावजूद भुगतान नहीं होने से वह नाराज था।
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन आरोपी बुक शॉप से दिनेश बंसल की स्कूटी लेकर उनके घर पहुंचा। उसे पहले से पता था कि घर के पीछे का दरवाजा अक्सर खुला रहता है। आरोपी स्कूटी बाहर खड़ी कर घर के अंदर चला गया। उस समय घर पर रेखा बंसल अकेली थीं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने रेखा बंसल से अपनी बकाया मजदूरी के पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने हाथ में पहने कड़े से रेखा बंसल के चेहरे पर वार कर दिया। चोट लगने के बाद वह बिस्तर पर गिर गईं और चिल्लाने लगीं।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि पकड़े जाने के डर से उसने महिला को चुप कराने के लिए उनका मुंह दबा दिया। इसके बाद जब उसे लगा कि महिला की मौत हो चुकी है तो उसने उनके बाएं हाथ में पहना सोने का कंगन निकाल लिया और मौके से फरार होकर गेस्ट हाउस पहुंच गया। पुलिस के अनुसार, वहां पहुंचकर उसने पुलिस से बचने के लिए अपने कपड़े भी बदल लिए।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना के समय पहना गया कड़ा और मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम को नकद पुरस्कार
घटना का त्वरित खुलासा करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र द्वारा ₹5,000 तथा एसएसपी देहरादून द्वारा ₹2,500 के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
विनीत कुमार पुत्र घपल्या लाल, उम्र 33 वर्ष, मूल निवासी ग्राम मंजयाली, नौगांव, तहसील बड़कोट, थाना पुरोला, उत्तरकाशी। वर्तमान में अजबपुरकलां, देहरादून में रह रहा था।












Discussion about this post