गोर्खाली महिला हरितालिका तीज उत्सव कमेटी इस वर्ष तीज उत्सव को चैरिटी कार्यक्रम के रूप में आयोजित करेगी। आगामी 6 सितंबर को गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को नेपाल में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए समर्पित किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान नेपाल में प्राकृतिक आपदा के कारण जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना, शांति पाठ और मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, योग ऋषि स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण के सानिध्य में प्रार्थना एवं शांति पाठ का आयोजन किया जाएगा।
कमेटी की अध्यक्ष माया पंवार ने लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तीज उत्सव को इस बार केवल सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए आपदा प्रभावित परिवारों की मदद का माध्यम बनाया गया है। उन्होंने लोगों से अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग देने का आह्वान किया।
कमेटी के अनुसार, महिंद्रा ग्राउंड में पिछले 20 वर्षों से तीज मेले का आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष बड़ी संख्या में महिलाएं और परिवार इस आयोजन में शामिल होते हैं। इस बार नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उत्सव को सहायता और सेवा के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
कमेटी ने उम्मीद जताई कि बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचकर दिवंगतों को श्रद्धांजलि देने के साथ ही आपदा प्रभावित परिवारों की मदद के लिए अपना योगदान देंगे।
माया पंवार, अध्यक्ष ,गोर्खाली महिला हरितालिका तीज उत्सव कमेटी।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post