उत्तराखंड पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये कीमत की एमडीएमए और स्मैक बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार यह खेप देहरादून की हाई-प्रोफाइल पार्टियों में सप्लाई की जानी थी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत एसएसपी देहरादून के निर्देशन में थाना रायपुर पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 48.55 ग्राम एमडीएमए और 40.75 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार बरामद नशीले पदार्थों की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी ने बताया, “ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना रायपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 48.55 ग्राम एमडीएमए और 40.75 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। पूछताछ में सामने आया है कि वह यह नशा सहारनपुर से लाकर देहरादून में सप्लाई करने वाला था। पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।”
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी किन लोगों के संपर्क में था और देहरादून में नशे की सप्लाई का नेटवर्क कितना बड़ा है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
जितेंद्र चौधरी एसपी क्राइम देहरादून
Reported By: Shiv Narayan












Discussion about this post