खरीफ खरीद सत्र 2026-27 में धान और रागी (मंडुवा) की खरीद की तैयारियों को लेकर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री रेखा आर्या ने विधानसभा स्थित सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मंत्री ने खरीद केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि प्रदेश में धान की खरीद एक अक्टूबर 2026 से शुरू होकर 31 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगी। धान की खरीद भारत सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार की जाएगी। वर्ष 2026-27 के लिए सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2441 रुपये प्रति क्विंटल, जबकि ग्रेड-ए धान का एमएसपी 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इस सीजन में प्रदेश में धान खरीद का लक्ष्य 7 लाख मीट्रिक टन रखा गया है।
मंडुवा खरीद का लक्ष्य 12 हजार मीट्रिक टन
धान के साथ ही रागी (मंडुवा) की खरीद भी एक अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक की जाएगी। रागी का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5205 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। वर्ष 2026-27 में मंडुवा खरीद का लक्ष्य 12 हजार मीट्रिक टन रखा गया है। मंत्री ने अधिकारियों को मंडुवा की खरीद शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खरीद केंद्रों पर किसानों के लिए हों पूरी व्यवस्थाएं
रेखा आर्या ने मंडुवा और धान खरीद केंद्रों पर किसानों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए नमी मापक यंत्र, बैनर, टेंट, पेयजल समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश मंडी समिति के पदाधिकारियों को दिए। उन्होंने खरीद प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संचालित करने पर जोर दिया।
मंत्री ने कहा कि किसानों को उनकी खरीदी गई फसल का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि फसल खरीद के लिए बजट की पर्याप्त व्यवस्था की गई है, जिससे किसानों को भुगतान में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मंत्री रेखा आर्या
Reported By: Arun sharma












Discussion about this post