राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री स्तर के भगवत प्रसाद मकवाना ने कहा कि देशभर के सफाई कर्मचारियों और वाल्मीकि समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए आयोग पूरी निष्ठा से काम करेगा। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी स्वच्छ भारत अभियान के वास्तविक नायक हैं और उनके हितों की रक्षा आयोग की प्राथमिकताओं में शामिल है।
देहरादून में आयोजित अभिनंदन समारोह में मकवाना ने इस दायित्व के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
मकवाना ने बताया कि हाथ से मैला उठाने वाले लोगों के पुनर्वास के तहत देशभर में करीब 58 हजार लोगों और उत्तराखंड में 6 हजार लोगों को आर्थिक सहायता दी गई है। इसके अलावा करीब 30 हजार लोगों को कौशल प्रशिक्षण दिया गया है, जबकि स्वरोजगार के लिए 50 लाख रुपये तक के ऋण की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आयोग यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेगा कि पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे और उनके अधिकारों का संरक्षण हो।
धर्मपाल की भाजपा में घर वापसी
अभिनंदन समारोह के दौरान कांग्रेस अनुसूचित प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश महामंत्री धर्मपाल ने दोबारा भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी में घर वापसी की। भगवत प्रसाद मकवाना ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि धर्मपाल के भाजपा में लौटने से संगठन को मजबूती मिलेगी।
मकवाना ने कहा कि सफाई कर्मचारियों और वाल्मीकि समाज से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा और उनके हितों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
भगवत प्रसाद मकवाना। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष (केंद्रीय राज्य मंत्री स्तर)
Reported By; Praveen Bhardwaj












Discussion about this post