बागेश्वर के कपकोट ब्लॉक अंतर्गत लखमारा गांव में पिछले दो दिनों से लगातार हो रहे भूस्खलन ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। पहाड़ी से लगातार मलबे के साथ बड़े-बड़े बोल्डर और पेड़ गिरकर लखमारा नाले में पहुंच रहे हैं। इससे ग्रामीणों में अनहोनी की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि पहाड़ी से कोई बड़ा बोल्डर गिरकर नाले में फंस गया तो गधेरे का पानी रुक सकता है और वहां तालाब जैसी स्थिति बन सकती है। ऐसी स्थिति में अचानक पानी का बहाव बढ़ने से निचले इलाकों में गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
लगातार बारिश के बाद पहाड़ी में दरारें पड़ने और जमीन फटने के मामले भी सामने आए हैं। भूस्खलन की चपेट में आने से कई किसानों के खेत मलबे में दब गए हैं, जिससे ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
ग्राम प्रधान गीता देवी ने बताया कि क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य के कारण भी पहाड़ी की स्थिति प्रभावित हुई है। लगातार हो रहे भूस्खलन को देखते हुए ग्रामीणों में भय का माहौल है और वे प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कराने की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का जल्द निरीक्षण कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, मलबा हटाने और संभावित खतरे को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post