
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड की धामी सरकार पर ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के निवेश आंकड़ों में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर निवेश के दावों पर सवाल उठाए। वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने राहुल गांधी के इन आरोपों को सही बताया उन्होंने सरकार से जिलेवार निवेश और रोजगार का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की है। गरिमा दसौनी ने कहा कि सरकार एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के धरातल पर उतरने का दावा कर रही है, तो उसे श्वेत पत्र जारी कर बताना चाहिए कि किस जिले में कितना निवेश हुआ और कितने युवाओं को रोजगार मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि निवेश की सूची में आटा चक्कियों, खाद-बीज की दुकानों और छोटे क्लीनिकों को भी शामिल किया गया है। कांग्रेस ने सरकार से निवेश और रोजगार के दावों पर जवाब मांगा है।
गरिमा दसौनी, प्रदेश प्रवक्ता कांग्रेस
राहुल गांधी के इन्वेस्टमेंट पर उठाए सवालों पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि राहुल हर बात पर सवाल उठाते हैं, जिसका सच्चाई से कोई नाता नहीं होता। मीडिया से बातचीत में सीएम धामी ने कहा कि राज्य में शानदार इन्वेस्टर समिट हुई है और अच्छी ग्राउंडिंग भी हुई है, जिसके आंकड़े प्रस्तुत कर दिए गए हैं। सीएम ने कहा कि राहुल गांधी को बड़े-बड़े लोग ही दिखाई देते हैं, वही उन्हें इन्वेस्टमेंट लगता है। जबकि उत्तराखंड की भौगोलिक स्थिति कठिन है, यहां छोटे-छोटे इन्वेस्टमेंट होते हैं और छोटे-छोटे लोग ही रोजगार-स्वरोजगार देने का काम करते हैं।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड













Discussion about this post