कुंभ मेला की तैयारियों के तहत मेला प्रशासन ने भीमगोडा कुंड के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मेलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर मंगलवार को अपर मेलाधिकारी दयानन्द सरस्वती ने तकनीकी विशेषज्ञों की टीम के साथ कुंड का स्थलीय निरीक्षण किया और विकास कार्यों की रूपरेखा पर चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान कुंड में पौराणिक जल स्रोत से जल आपूर्ति, जल निकासी की व्यवस्था, संरचनात्मक सुधार और सौंदर्यीकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार किया गया। इस दौरान स्थानीय पार्षद सुमित चौधरी और क्षेत्रीय नागरिकों से भी सुझाव लिए गए, ताकि विकास कार्य स्थानीय परंपराओं और आस्था के अनुरूप किए जा सकें।
मेला प्रशासन के अनुसार कुंड के चारों ओर सुंदर पार्क विकसित किया जाएगा, जहां बैठने के लिए बेंच, मजबूत रेलिंग, सुरक्षित मार्ग और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य इस पौराणिक स्थल की ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए इसे स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक बनाना है, ताकि कुंभ मेले में आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालु यहां की आस्था और विरासत का अनुभव कर सकें।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post