हरिद्वार। कनखल क्षेत्र में कम उम्र के युवकों के एक समूह पर उत्पात मचाने और दहशत फैलाने के आरोप लगे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक गुरुवार देर रात आधा दर्जन से अधिक युवक स्कूटी से क्षेत्र में पहुंचे और एक युवक पर कथित तौर पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि स्कूटी सवार युवक अचानक मौके पर पहुंचे और एक युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में स्कूटी सवार युवक हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में युवाओं के एक समूह की कथित बदमाशी से लगातार भय का माहौल बन रहा है। उन्होंने पुलिस से मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग भी की है। पुलिस की ओर से मामले में जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की कार्रवाई की जा रही है।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post