
ऋषिकेश। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के ऋषिकेश में गीता प्रेस द्वारा प्रकाशित मासिक पत्रिका कल्याण के शताब्दी अंक का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने लक्ष्मीनारायण मंदिर और मां गंगा के दर्शन–पूजन भी किए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अमित शाह ने कहा कि गीता प्रेस पिछले 103 वर्षों से सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति की लौ को सशक्त करने का कार्य कर रही है। कल्याण केवल एक पत्रिका नहीं, बल्कि भारतीय समाज के लिए आध्यात्मिक पथप्रदर्शक है, जिसने पीढ़ियों तक बिना किसी व्यावसायिक उद्देश्य के सद्साहित्य को जन–जन तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि गीता प्रेस मुनाफे के लिए नहीं, बल्कि चरित्र और राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करती है।

गृह मंत्री ने कहा कि कल्याण ने अपने सौ वर्षों में सनातन चेतना को संगठित किया और हर संकट में भारतीय संस्कृति के दीप को जलाए रखा। उन्होंने इसे भारतीय संस्कृति को अमर रखने का एक सशक्त प्रयास बताया। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज सांस्कृतिक मूल्यों को नीतियों के केंद्र में रखा जा रहा है, जो कल्याण की विचारधारा से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि सभ्यताएं शोर या तलवार से नहीं, बल्कि ज्ञान, तर्क और शब्दों से खड़ी होती हैं, और गीता प्रेस व कल्याण ने यही कार्य किया है।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post