उत्तरकाशी जिले के धराली क्षेत्र में बादल फटने से हुई भीषण आपदा पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
उत्तराखंड विधानसभा की अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि उत्तरकाशी जनपद के धराली क्षेत्र में बादल फटने से हुई भीषण प्राकृतिक आपदा में भारी जन-धन की क्षति का समाचार अत्यंत दुःखद एवं मर्मांतक है। इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति गंभीर संवेदना प्रकट की है।
उन्होंने कहा, “मैं ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करती हूँ तथा दिवंगत आत्माओं की शांति हेतु विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती हूँ। यह समय धैर्य, एकजुटता और मानवीय सेवा की भावना से एक-दूसरे के साथ खड़े होने का है।”
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने उत्तरकाशी जिले के धराली गांव की खीरगंगा नदी में बादल फटने की हृदय विदारक घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए गहरा दुःख प्रकट किया। उन्होंने जिलाधिकारी से दूरभाष पर बात कर राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति की जानकारी ली।
महाराज ने बताया कि घटना के तुरंत बाद सेवा दल, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं और सरकार द्वारा युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह घटना लगभग 80 वर्ष पूर्व भी इस क्षेत्र में घटित हुई थी और अब इसकी पुनरावृत्ति हुई है, जिसे लेकर सरकार पूरी तरह सजग है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सभी संबंधित विभाग युद्ध स्तर पर कार्य कर रहे हैं। सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए हैं।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज
सासंद राज्यसभा डा. नरेश बंसल ने कहा कि उत्तरकाशी जनपद के धराली क्षेत्र में बादल फटने से हुए भारी नुकसान का अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक समाचार प्राप्त हुआ है।आदरणीय प्रधानसेवक नरेंद्र भाई मोदी जी के मार्गदर्शन व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व मे राहत एवं बचाव कार्यों के लिए शासन,प्रशासन,SDRF, NDRF, जिला प्रशासन तथा अन्य संबंधित टीमें युद्ध स्तर पर जुटी हुई हैं और स्थिति की गहन निगरानी की जा रही है।जिनका भी नुकसान हुआ है उनके लिए गहरी संवेदनाए व्यक्त करता हुं। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूँ।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post