
रुद्रपुर। तराई के संस्थापक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय पंडित रामसुमेर शुक्ल की 112वीं जयंती के अवसर पर भव्य स्मृति समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार शामिल हुए। उन्होंने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर समारोह में उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया और स्वतंत्रता सेनानी के योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में पहुंचने से पहले राज्यपाल संतोष गंगवार ने डीडी चौक और मेडिकल कॉलेज परिसर में स्थापित प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद समारोह में पंडित रामसुमेर शुक्ल स्मृति फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश शुक्ला और संयोजक एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने राज्यपाल का शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
समारोह के दौरान राज्यपाल ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं और समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में डॉ. शिवेंद्र, हाईकोर्ट के अधिवक्ता सुनील खेड़ा, डॉ. रंजीत सिंह गिल, व्यवसायी घनश्याम श्यामपुरिया और गौ रक्षा दल के विराट आर्या शामिल रहे।
इसके अलावा खेल के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने वाली छात्रा सविता मंडल तथा एनजीओ के माध्यम से सेवा कार्यों में जुटे अमित श्रीवास्तव और किरन सिंह को भी शॉल एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
स्वतंत्रता सेनानी पंडित रामसुमेर शुक्ल की जयंती पर आयोजित इस समारोह में उनके संघर्ष, योगदान और तराई के विकास में उनकी भूमिका को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान कर समाजसेवा, समर्पण और सकारात्मक योगदान को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
संतोष गंगवार राज्यपाल झारखंड
Reported By: Praveen Bhardwaj














Discussion about this post