
स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू) जौलीग्रांट में युवाओं के कौशल विकास के लिए संचालित सीमित अवधि के रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के पांचवें बैच के विद्यार्थियों का प्रमाणपत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 70 छात्र-छात्राओं को लघु कौशल पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
आदि कैलाश सभागार में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि एसआरएचयू के सलाहकार प्रोफेसर एच.पी. उनियाल ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण युवाओं का कौशल विकास आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और ऐसे प्रशिक्षण उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मजबूत कदम हैं। उन्होंने भविष्य में इन पाठ्यक्रमों को डिप्लोमा स्तर तक विस्तारित करने की संभावना पर भी विचार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उपनिदेशक डॉ. राजीव बिजल्वान ने की। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय कंप्यूटर कौशल, कार्यालयीय कार्य, परियोजना प्रबंधन, तकनीकी प्रशिक्षण जैसे इलेक्ट्रिशियन व प्लंबर कोर्स के माध्यम से युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार के लिए तैयार कर रहा है। कार्यक्रम प्रबंधक नीलम पांडेय ने जानकारी दी कि ऑफिस असिस्टेंट सह कंप्यूटर ऑपरेटर, इलेक्ट्रिशियन सह प्लंबर और आशा एम.सी.एच. पाठ्यक्रमों में अब तक 500 से अधिक प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
कार्यक्रम का संचालन विवेक आनंद ने किया, जबकि उपनिदेशक नितेश कौशिक ने सभी का आभार व्यक्त किया।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post