
ईद-उल-जुहा पर्व के अवसर पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सुरक्षा के दृष्टिगत पूरे नगर क्षेत्र को 5 जोन, 11 सेक्टर और 35 सब सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में पुलिस उपाधीक्षक, सेक्टर में निरीक्षक/थानाध्यक्ष तथा सब सेक्टरों में उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अतिरिक्त संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पर्व के दौरान सभी प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी एवं हल्का प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहते हुए सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
ईद पर्व को लेकर पुलिस द्वारा सभी थाना क्षेत्रों में सर्वधर्म समाज के संभ्रांत लोगों के साथ बैठकें आयोजित कर आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई है। साथ ही मुस्लिम समुदाय के लोगों को निर्धारित कुर्बानी स्थलों पर ही कुर्बानी देने तथा किसी भी स्थिति में सड़कों पर नमाज अदा न करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्व में विवादों में शामिल रहे गौकशी और अवैध पशु कटान से जुड़े आरोपियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है। इसके साथ ही पर्व के दौरान सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक खबरें फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Promod Dhobhal SSP, Dehradun
Reported By: Shiv Narayan













Discussion about this post