उत्तरकाशी जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष में गुरुवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में जिला परामर्शदात्री एवं जिला पुनरीक्षण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वित्तीय समावेशन, कृषि ऋण, सरकारी योजनाओं की प्रगति और जिले में बैंकिंग सुविधाओं को सुदृढ़ करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने 10 दिन से अधिक समय से लंबित एजुकेशन लोन के मामलों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश बैंक अधिकारियों को दिए। उन्होंने बैंकों को ऋण-जमा अनुपात में सुधार लाने के साथ ही अधिक से अधिक किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) से जोड़ने के लिए ठोस प्रयास करने को कहा।
उन्होंने कृषि विभाग और बैंकों को आपसी समन्वय से ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक किसान केसीसी का लाभ उठा सकें। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए बैंक और विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करें।
विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना और दीनदयाल उपाध्याय होम स्टे योजना समेत विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
आरसेटी की गतिविधियों पर भी हुई चर्चा
जिला स्तरीय आरसेटी सलाहकार समिति की बैठक में पिछली बैठक की कार्यवाही की समीक्षा के साथ आरसेटी के कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। इसके अलावा प्रशिक्षणार्थियों के प्रशिक्षण व्यय के अनुमोदन, आगामी त्रैमासिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों के ब्यौरे समेत अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
Reported By: Gopal Nautiyal












Discussion about this post