देहरादून में पब्लिक रिलेशन सोसाइटी ऑफ इंडिया (पीआरएसआई) के तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन का सोमवार सायं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया। अधिवेशन में रूस से आए प्रतिनिधियों सहित देशभर की विभिन्न संस्थाओं से जुड़े 300 से अधिक जनसंपर्क एवं संचार विशेषज्ञों ने सहभागिता की और समसामयिक विषयों पर अपने विचार साझा किए।
सहस्रधारा रोड स्थित द एमराल्ड ग्रैंड होटल में आयोजित अधिवेशन के दौरान उत्तराखंड की लोक विरासत, संस्कृति, कला और विकास को प्रदर्शित करने हेतु एक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, आंचल दूध, एमडीडीए, एसडीआरएफ, एएसआई, ऐपण आर्ट ऑफ उत्तराखंड, भारतीय ग्रामोत्थान संस्था, हाउस ऑफ हिमालय सहित अनेक सरकारी और गैर-सरकारी संस्थाओं के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। इन स्टॉलों के माध्यम से प्रदेश के धर्म-आध्यात्म, हस्तशिल्प, महिला सशक्तीकरण, आपदा प्रबंधन और विकास कार्यों की प्रभावशाली झलक प्रस्तुत की गई।
एमडीडीए के स्टॉल पर किफायती आवास, सिटी फॉरेस्ट पार्क और हरित विकास योजनाओं की जानकारी दी गई, वहीं आंचल दूध ने सहकारी डेयरी मॉडल और किसानों से जुड़ी पहलों को प्रस्तुत किया। भारतीय ग्रामोत्थान द्वारा भांग व ऊन से बने हस्तशिल्प उत्पादों को विशेष सराहना मिली। एएसआई ने प्रदेश के 44 पौराणिक मंदिरों के संरक्षण कार्यों की जानकारी साझा की, जबकि एसडीआरएफ ने आपदा प्रबंधन और रेस्क्यू अभियानों की उपलब्धियां प्रदर्शित कीं।
कुल मिलाकर यह अधिवेशन न केवल जनसंपर्क एवं संचार विशेषज्ञों के विचार-विमर्श का मंच बना, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और विकास की पहचान को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से प्रस्तुत करने में भी सफल रहा।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post