बहादराबाद थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े कंप्यूटर की दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखी करीब एक लाख रुपये की नकदी चोरी होने से हड़कंप मच गया। वारदात उस समय हुई, जब दुकानदार खाना खाने के लिए घर गया हुआ था। चोर ने मौका पाकर दुकान में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के मुताबिक 2 अक्टूबर की दोपहर दुकानदार दुकान बंद कर खाना खाने घर गया था। इसी दौरान एक शातिर चोर मुंह पर कपड़ा बांधकर दुकान में दाखिल हुआ। चोर ने पहले दुकान के मुख्य गेट का ताला तोड़ा और इसके बाद गल्ले का ताला तोड़कर उसमें रखी करीब एक लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। दुकानदार के वापस लौटने पर दुकान का ताला टूटा मिला और गल्ले से नकदी गायब थी। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
CCTV फुटेज में कैद हुआ चोर
दिनदहाड़े हुई चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में मुंह पर कपड़ा बांधे एक संदिग्ध दुकान के अंदर घुसता और चोरी करता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
व्यापारियों में रोष
दिनदहाड़े दुकान में चोरी की घटना सामने आने के बाद स्थानीय व्यापारियों में भी रोष है। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और चोरी की रकम बरामद करने की मांग की है।
वहीं बहादराबाद थाना पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस संदिग्ध चोर की शिनाख्त करने के साथ ही उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post