
ऊधम सिंह नगर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सितारगंज पुलिस ने एक युवक को 31.23 ग्राम स्मैक (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 300 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने सिडकुल क्षेत्र में मजदूरी करने वाले लोगों को स्मैक बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को देखकर भागने लगे युवक
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में जिलेभर में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन प्रहार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सितारगंज कोतवाली पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, 8 अक्टूबर को पुलिस टीम सिडकुल चौकी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के लिए नैनीताल बॉर्डर की ओर जा रही थी। इसी दौरान एमवीआर गेट के पास सर्विस रोड समाप्त होने वाले स्थान से नदी की ओर जाने वाले रास्ते पर तीन-चार युवक संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े दिखाई दिए।
पुलिस टीम को अपनी ओर आता देखकर युवक भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया, लेकिन तीन युवक जंगल की ओर भागने में सफल रहे। वहीं, एक युवक को पुलिसकर्मियों ने सर्विस रोड के किनारे पकड़ लिया।
पन्नी में मिली 31.23 ग्राम स्मैक
पुलिस ने पकड़े गए युवक की तलाशी ली तो उसके लोवर की पिछली जेब से एक पारदर्शी पन्नी बरामद हुई। इसमें मटमैले रंग का चूर्णनुमा पदार्थ था, जो प्रथम दृष्टया स्मैक प्रतीत हुआ।
इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर पन्नी सहित पदार्थ का कुल वजन 32.06 ग्राम मिला। पन्नी का वजन 0.83 ग्राम घटाने के बाद स्मैक का शुद्ध वजन 31.23 ग्राम पाया गया। इसके अलावा आरोपी के पास से 300 रुपये नकद बरामद हुए।
सिडकुल में मजदूरों को बेचता था स्मैक
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सिडकुल क्षेत्र में मजदूरी करने वाले लोगों को स्मैक बेचता था। आरोपी के अनुसार, कुछ समय पहले परसनी गांव निवासी कुलविंदर सिंह उर्फ नारायण ने उसे स्मैक बेचने का काम करने के लिए कहा था। लालच में आकर उसने यह काम शुरू कर दिया।
पुलिस अब आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में अन्य संदिग्धों की संलिप्तता का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने इस मामले में कोतवाली सितारगंज में मुकदमा अपराध संख्या 494/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21 में प्राथमिकी दर्ज की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चन्दन भट्ट (29 वर्ष), पुत्र पूरन चन्द भट्ट, निवासी पूर्वी ककरौली, सिडकुल, थाना सितारगंज के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम पाँथ, थाना थल, जनपद पिथौरागढ़ का निवासी है।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जांच की जा रही है।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post