
नगर निगम से लाइसेंस और विक्रय प्रमाण पत्र जारी होने के बावजूद रेड़ी-पटरी के लघु व्यापारियों को अतिक्रमण के नाम पर कथित रूप से परेशान किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इसके विरोध में नगर निगम आयुक्त कार्यालय पर चल रहा धरना छठे दिन भी जारी रहा। इस दौरान लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा के नेतृत्व में फेरी समिति के सदस्यों और लघु व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने कुंभ मेला अधिकारी सोनिका सिंह और अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने आगामी कुंभ मेला 2027 को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार के पौराणिक शहरी क्षेत्र सहित समस्त मेला क्षेत्र में रेड़ी-पटरी के कारोबारियों को उत्तराखंड शासन की नगरीय फेरी नीति नियमावली-2016 के अनुरूप वेंडिंग जोन के रूप में व्यवस्थित और स्थापित करने की मांग उठाई। साथ ही लघु व्यापारियों को कुंभ मेला 2027 की विकास योजनाओं में शामिल करने की मांग भी दोहराई।
कुंभ मेला अधिकारी ने नगर आयुक्त को दिए निर्देश
मुलाकात के दौरान कुंभ मेला अधिकारी सोनिका सिंह ने संजय चोपड़ा की ओर से दिए गए प्रतिवेदन पर कार्रवाई करते हुए नगर आयुक्त नंदन कुमार को लघु व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और उन्हें व्यवस्थित रूप से स्थापित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
आजीविका को ध्यान में रखकर बने विकास योजनाएं: संजय चोपड़ा
लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में कुंभ मेला 2027 के आयोजन को भव्य और दिव्य स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है। सरकार की ओर से गली-मोहल्लों, चौक-चौराहों और विभिन्न क्षेत्रों के विकास की योजनाओं पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के विशेष आयोजन और सर्वांगीण विकास की योजनाओं में रेड़ी-पटरी के लघु व्यापारियों को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए इन व्यापारियों और उनके परिवारों की आजीविका सुरक्षित रखने के लिए उन्हें विकास योजनाओं का हिस्सा बनाना न्यायसंगत होगा।
संजय चोपड़ा ने मांग की कि कुंभ मेला 2027 से पहले स्ट्रीट वेंडर्स के लिए व्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित किए जाएं, ताकि उन्हें बार-बार अतिक्रमण के नाम पर होने वाली कार्रवाई और कथित उत्पीड़न से राहत मिल सके तथा वे सम्मानजनक तरीके से अपना कारोबार कर सकें।
लघु व्यापार एसो के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा
नगर आयुक्त नंदन कुमार
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post