
सरोवर नगरी नैनीताल और आसपास के पर्यटन स्थलों में इन दिनों गुनगुनी धूप के चलते सैलानियों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ रही है। सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास हो रहा है, जबकि दिन में सुहावने मौसम का पर्यटक जमकर आनंद उठा रहे हैं। सुबह से ही शहर में सैलानियों की आवाजाही शुरू हो जा रही है।
नैनी झील में पर्यटक नौकायन का लुत्फ उठा रहे हैं। वहीं, रंग-बिरंगे परिधान पहनकर फोटो खिंचवाने के साथ ही मोबाइल कैमरों में नैनीताल की खूबसूरत वादियों को कैद कर रहे हैं। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों की चहल-पहल बनी हुई है।
पर्यटकों की बढ़ती आमद से स्थानीय कारोबारियों के चेहरे भी खिल उठे हैं। दुकानदारों, होटल संचालकों, गेस्ट हाउस और होम स्टे संचालकों के साथ ही पार्किंग संचालकों तथा पर्यटन स्थलों पर दुकानें लगाने वाले लोगों को भी राहत मिल रही है। पर्यटकों की आवाजाही से स्थानीय बाजारों में रौनक दिखाई दे रही है।
नैनीताल के अलावा कैंची धाम स्थित नीम करौली बाबा आश्रम, भीमताल, घोड़ाखाल मंदिर, मां नैना देवी मंदिर, हनुमानगढ़ी, सातताल, हिमालय दर्शन और स्नोव्यू सहित आसपास के पर्यटन स्थलों पर भी सैलानियों की भीड़ नजर आ रही है। सुहावने मौसम के बीच पर्यटक इन स्थलों पर पहुंचकर प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले रहे हैं।
REported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post