नैनीताल जिले के रामनगर स्थित सांवाल्दें क्षेत्र के एक रिसोर्ट में गुरुवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। रिसोर्ट के स्विमिंग पूल में नहाते समय 4 वर्षीय मासूम बच्ची की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं हादसे के बाद रिसोर्ट प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी सीताराम जांगिड़ अपने परिवार के साथ रामनगर घूमने आए थे और सांवाल्दें स्थित एक रिसोर्ट में ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि उनकी 4 वर्षीय बेटी मनस्वी अपने भाई के साथ रिसोर्ट के स्विमिंग पूल में नहा रही थी। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।
परिजनों के मुताबिक हादसे के समय माता-पिता पूल से करीब 100 मीटर की दूरी पर मौजूद थे। बच्ची के डूबने की जानकारी मिलते ही परिजन तुरंत उसे पानी से बाहर निकालकर रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे।
संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. हिमांशु ने बताया कि बच्ची को अस्पताल लाया गया था, लेकिन जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टर के अनुसार परिजनों ने बताया कि बच्ची स्विमिंग पूल में नहाते समय डूब गई थी।
घटना के बाद अस्पताल में परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। इस दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि रिसोर्ट के स्विमिंग पूल के पास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। लोगों ने सवाल उठाए हैं कि आखिर पूल के आसपास लाइफगार्ड, सुरक्षा कर्मी या चेतावनी संबंधी व्यवस्थाएं क्यों नहीं की गई थीं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और रिसोर्ट प्रबंधन द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
डॉ हिमांशु, चिकित्सक सयुक्त चिकित्सालय
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post