ऊधम सिंह नगर पुलिस ने संभावित खूनी गैंगवार की साजिश को नाकाम करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात शार्प शूटर जितेन्द्र चौधरी उर्फ विरत चौधरी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश में लगातार कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई को सूचना मिली थी कि गाबा चौक और पुलभट्टा फायरिंग कांड में वांछित शार्प शूटर अपने साथियों के साथ बिना नंबर प्लेट की रेनॉल्ट क्विड कार में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाफरपुर कट क्षेत्र में घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही बदमाश वाहन लेकर भागने लगे। पीछा किए जाने पर यूनिटी लॉ कॉलेज के पास उन्होंने कार छोड़ दी और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुख्य आरोपी जितेन्द्र चौधरी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
इसके बाद पुलिस ने घायल आरोपी समेत उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से तीन तमंचे, आठ जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त रेनॉल्ट क्विड कार और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी गाबा चौक फायरिंग और पुलभट्टा फायरिंग जैसी गंभीर घटनाओं में भी वांछित रहे हैं। इनके खिलाफ हत्या के प्रयास, फायरिंग, शस्त्र अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जिले में गैंगवार, रंगदारी और संगठित अपराध में शामिल किसी भी अपराधी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस पर हमला करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और पूरे क्षेत्र में सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।
एसएसपी अजय गणपति
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post