
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने चुनावी रणनीति के तहत कालाढूंगी विधानसभा सीट से तारा सिंह नेगी को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी ने प्रत्याशी के नाम का ऐलान किया।
इस दौरान केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल आगामी विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगा। पार्टी का लक्ष्य प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए पूर्ण बहुमत की सरकार बनाना है।
उन्होंने कहा कि उक्रांद प्रदेश के मूल मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगा। इसमें मूल निवास, सशक्त भू-कानून, युवाओं के लिए रोजगार, पलायन पर रोक और प्रदेश के प्राकृतिक एवं अन्य संसाधनों पर स्थानीय लोगों के अधिकार जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।
कुकरेती ने कहा कि उत्तराखंड की मूलभूत समस्याओं और प्रदेशवासियों के हितों को लेकर पार्टी लगातार संघर्ष करती रही है। आगामी चुनाव में भी इन्हीं मुद्दों को केंद्र में रखकर जनता के बीच अपनी बात रखी जाएगी।
प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सुरेन्द्र कुकरेती, केंद्रीय अध्यक्ष यूकेडी
Reported By: Shiv Narayan












Discussion about this post