गुजरात के केवडिया में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के सम्मुख आयोजित भव्य एकता परेड में उत्तराखंड की झांकी ने देवभूमि की प्रकृति, संस्कृति और प्रगति के विविध रंग प्रस्तुत किए। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने परेड का निरीक्षण करते हुए उत्तराखंड की झांकी और लोक कलाकारों के प्रदर्शन की सराहना ताली बजाकर की।
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित इस राष्ट्रीय समारोह में देश के केवल आठ राज्यों को झांकी प्रदर्शन का अवसर मिला, जिनमें उत्तराखंड भी शामिल था। “अष्ट तत्त्व और एकत्व” थीम पर आधारित इस झांकी में राज्य के धार्मिक स्थलों, नैसर्गिक सौंदर्य, सांस्कृतिक समृद्धि और विकास की झलक पेश की गई।
सूचना विभाग के संयुक्त निदेशक श्री के.एस. चौहान के नेतृत्व में प्रस्तुत इस झांकी में राज्य के लोक कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में लोकगीतों और नृत्य के माध्यम से उत्तराखंड की जीवंत संस्कृति को प्रदर्शित किया। दर्शकों और उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने इस प्रदर्शन की भरपूर प्रशंसा की, जिससे देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान राष्ट्रीय मंच पर और भी उजागर हुई।
Reported By: Praveen Bhardwaj














Discussion about this post